मुजफ्फरनगर। जिले में बढ़ते प्रदूषण पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। सिटी मजिस्ट्रेट और प्रदूषण नियंत्रण विभाग की संयुक्त टीम ने संधावली रोड और सूजडू क्षेत्र में संचालित छह अवैध स्लैग यूनिटों को सील कर दिया। कार्रवाई के बाद फैक्ट्री संचालकों में हड़कंप मच गया।जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देश पर चलाए गए अभियान के दौरान अधिकारियों ने कई इकाइयों का निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि कुछ यूनिटें बिना आवश्यक अनुमति और पर्यावरणीय मानकों का पालन किए संचालित की जा रही थीं। इन इकाइयों से निकलने वाला धुआं आसपास के क्षेत्र में प्रदूषण फैला रहा था।छापेमारी के दौरान टीम ने लिमरा ट्रेडिंग कंपनी, हमजा ट्रेडर्स, अजलान एंटरप्राइजेज और नाइस ट्रेडिंग कंपनी सहित छह स्लैग यूनिटों के मुख्य द्वार सील कर दिए। अधिकारियों ने मौके पर तकनीकी मानकों और दस्तावेजों की भी जांच की।प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली किसी भी अवैध इकाई को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बिना अनुमति संचालन या सील तोड़कर दोबारा काम शुरू करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में प्रदूषण फैलाने वाली इकाइयों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group