सहारनपुर। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी करप्शन टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए तीतरो थाना क्षेत्र की आसफगढ़ पपड़ी चौकी के प्रभारी उपनिरीक्षक देशपाल सिंह को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।जानकारी के अनुसार आसफगढ़ पपड़ी गांव के प्रधान संजीव कुमार ने गांव निवासी मुकेश कुमार के खिलाफ रेहड़ी चोरी का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि मामले में कार्रवाई के नाम पर चौकी प्रभारी देशपाल सिंह ने मुकेश कुमार से 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी।रिश्वत की मांग से परेशान मुकेश कुमार ने एंटी करप्शन विभाग से शिकायत की। शिकायत की जांच के बाद विभाग ने जाल बिछाकर आरोपी पुलिसकर्मी को पकड़ने की योजना बनाई। गुरुवार दोपहर निरीक्षक कुशलवीर सिंह के नेतृत्व में टीम तीतरो पहुंची और पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया।एंटी करप्शन टीम ने शिकायतकर्ता को विशेष पाउडर लगे 10 हजार रुपये दिए। जैसे ही मुकेश कुमार ने थाना परिसर के बाहर चौकी प्रभारी देशपाल सिंह को रकम सौंपी, पहले से निगरानी कर रही टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। जांच के दौरान रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई।गिरफ्तारी के बाद आरोपी उपनिरीक्षक को मेडिकल परीक्षण के लिए ले जाया गया। मामले में थाना नानौता में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है। एंटी करप्शन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। वहीं, पुलिस विभाग में भी इस घटना को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।