नई दिल्ली। डिजिटल संगठन ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए शनिवार को राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति मिलने के बाद दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों की करीब 40 कंपनियों को विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया गया है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, संगठन के संस्थापक अभिजीत डिपके के नेतृत्व में होने वाले प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए हवाई अड्डों, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों और दिल्ली की सीमाओं पर निगरानी बढ़ा दी गई है। कई स्थानों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की सघन जांच की जा रही है।कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को विभिन्न क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और रिजर्व फोर्स को भी तैयार रखा गया है।पुलिस ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के आवास के आसपास भी एहतियातन सुरक्षा बढ़ा दी है। वहीं, स्पेशल ब्रांच और अन्य सुरक्षा एजेंसियां सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं। जंतर-मंतर की ओर होने वाली असामान्य आवाजाही पर निगरानी रखने के लिए निजी कैब सेवा कंपनियों के साथ भी समन्वय स्थापित किया गया है।इस बीच, सीजेपी के संस्थापक अभिजीत डिपके दिल्ली पहुंचकर जंतर-मंतर पहुंचे, जहां संगठन के समर्थकों के जुटने की संभावना है। पुलिस का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group