गाजियाबाद। लोनी थाना पुलिस ने अपहरण और हत्या के मामले में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।पुलिस के अनुसार, 30 मई को गनोली गांव निवासी ओमकार सिंह के अपहरण और हत्या के मामले में आरोपी गौरव की तलाश की जा रही थी। आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि गौरव निठौरा रोड की ओर आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने निठौरा अंडरपास के पास चेकिंग अभियान शुरू किया।इसी दौरान बाइक पर सवार एक युवक आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का संकेत दिया, लेकिन वह भागने लगा। पीछा किए जाने पर उसकी बाइक फिसल गई। आरोप है कि इसके बाद उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लग गई।घायल बदमाश की पहचान गौरव पुत्र विजेंद्र निवासी ग्राम गनोली, थाना लोनी के रूप में हुई। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर अस्पताल भेज दिया। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा और बाइक भी बरामद की गई है।पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर ओमकार सिंह का अपहरण कर हत्या करने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक हत्या के बाद शव को मेरठ रोड स्थित रोहटा गंगानगर क्षेत्र में फेंक दिया गया था।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। फरार अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group