जमुई। बिहार के जमुई जिले से एक ऐसी प्रेम कहानी सामने आई है, जिसने क्षेत्र में चर्चा का विषय बना दिया है। एक युवक ने अपने से काफी अधिक उम्र की महिला के साथ विवाह कर लिया। खास बात यह है कि महिला पांच बच्चों की मां है और दोनों की मुलाकात किसी रिश्तेदार या परिचित के माध्यम से नहीं, बल्कि एक गलत फोन कॉल के जरिए हुई थी।जानकारी के अनुसार खैरा क्षेत्र के रहने वाले 19 वर्षीय महावीर ठाकुर की करीब दो वर्ष पहले एक फोन कॉल गलती से पूर्णिया निवासी सीमा परवीन के मोबाइल नंबर पर लग गई थी। शुरुआती बातचीत के बाद दोनों के बीच संपर्क बना रहा और समय के साथ बातचीत दोस्ती में बदल गई। धीरे-धीरे दोनों एक-दूसरे के करीब आते गए और आखिरकार साथ जीवन बिताने का निर्णय ले लिया।बताया जा रहा है कि हाल ही में दोनों ने पश्चिम बंगाल के कोलकाता में एक मंदिर में विवाह कर लिया। शादी के बाद दोनों ने अपने रिश्ते को सार्वजनिक करते हुए एक वीडियो भी जारी किया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।महावीर का कहना है कि रिश्ते में उम्र उनके लिए कभी मायने नहीं रखी। उन्होंने बताया कि दोनों एक-दूसरे को समझते हैं और आपसी सहमति से जीवनसाथी बने हैं। वहीं सीमा परवीन ने भी कहा कि उन्होंने अपनी इच्छा से यह फैसला लिया है और अब नए जीवन की शुरुआत कर रही हैं।मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने भी दोनों पक्षों से पूछताछ की। जांच में सामने आया कि युवक और महिला दोनों बालिग हैं तथा अपनी मर्जी से साथ रहना चाहते हैं। इसके बाद पुलिस ने किसी प्रकार की कानूनी बाधा न होने पर दोनों को साथ रहने की अनुमति दे दी।