लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा शुरू होने से एक दिन पहले अभ्यर्थियों को कथित प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने का झांसा देने वाले एक टेलीग्राम चैनल के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। सोशल मीडिया के जरिए परीक्षा से पहले पेपर उपलब्ध कराने के नाम पर धन उगाही की कोशिश का मामला सामने आने के बाद हुसैनगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।जांच में सामने आया कि ‘यूपीपी एग्जाम पेपर’ नाम से संचालित एक टेलीग्राम चैनल अभ्यर्थियों को परीक्षा प्रश्नपत्र देने का दावा कर रहा था। इसके लिए चैनल पर क्यूआर कोड और बैंक खाते की जानकारी साझा कर अभ्यर्थियों से रुपये जमा कराने की बात कही गई थी। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस और संबंधित एजेंसियां सक्रिय हो गईं।अधिकारियों ने बताया कि चैनल संचालकों और उनसे जुड़े बैंक खातों की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस कथित धोखाधड़ी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस ने अभ्यर्थियों से ऐसे किसी भी झांसे में न आने की अपील की है।उधर, उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने भी परीक्षा की गोपनीयता को लेकर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि प्रश्नपत्र पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा। बोर्ड ने सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही भ्रामक सूचनाओं और पेपर लीक की अफवाहों से सावधान रहने की सलाह दी है।भर्ती बोर्ड ने परीक्षा में किसी अन्य व्यक्ति को अभ्यर्थी बनाकर बैठाने वाले गिरोहों और तथाकथित ‘सॉल्वर’ के खिलाफ भी सख्त चेतावनी जारी की है। अधिकारियों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।गौरतलब है कि प्रदेश में पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 8 जून से शुरू हो रही है। परीक्षा तीन दिनों तक दो पालियों में आयोजित की जाएगी, जिसमें लाखों अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।