मुजफ्फरनगर। किसानों के लिए निर्धारित यूरिया की कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कृषि विभाग ने उत्तराखंड सीमा से सटे क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से संचालित एक गोदाम का भंडाफोड़ किया। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में यूरिया उर्वरक बरामद हुआ, जिसके बाद गोदाम को सील कर दिया गया।जिलाधिकारी के निर्देश पर चल रहे “ऑपरेशन फार्मर्स फ्रेंड्स” के अंतर्गत जिला कृषि अधिकारी राहुल सिंह तेवतिया के नेतृत्व में विभागीय टीम ने मोरना क्षेत्र के भोकरहेड़ी से आगे स्थित ग्राम सीताबपुरी में छापा मारा। विभाग को सूचना मिली थी कि यहां एक गोदाम में बड़ी मात्रा में यूरिया खाद अवैध रूप से जमा की जा रही है।जांच के दौरान गोदाम से यारा कंपनी के यूरिया के कई बैग बरामद हुए। मौके पर मौजूद सोमपाल पुत्र चंदन निवासी ग्राम सीताबपुरी ने अधिकारियों को बताया कि यह गोदाम रोहन नामक व्यक्ति ने खाद भंडारण के लिए किराये पर लिया था।प्रारंभिक जांच में सामने आया कि गोदाम में एकत्र किए गए यूरिया को उत्तराखंड की ओर जाने वाली ट्रॉलियों के माध्यम से 40 से 50 बैग के लॉट में किसानों के नाम पर भेजा जाता था। अधिकारियों का मानना है कि यह नेटवर्क पिछले करीब दो माह से सक्रिय था।जांच के दौरान यह भी संकेत मिले हैं कि इस मामले का संबंध भोकरहेड़ी क्षेत्र में पहले पकड़े गए रोहन और सौरभ से हो सकता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसओजी टीम को भी मौके पर बुलाया गया तथा स्थानीय पुलिस को सूचना देकर जांच में शामिल किया गया।कृषि विभाग ने बरामद सभी यूरिया बैगों को मौके पर ही सील कर दिया है और संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और कालाबाजारी के पूरे तंत्र का खुलासा करने में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group