मुजफ्फरनगर। जनपद में अवैध रूप से संचालित यात्री वाहनों और ओवरलोडिंग के खिलाफ परिवहन विभाग ने रविवार को सख्त अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की। प्रवर्तन अधिकारी राजेंद्र श्रीवास्तव के नेतृत्व में विभिन्न मार्गों पर की गई सघन जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 12 वाहनों को चिन्हित कर उनके खिलाफ चालान एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई की गई।विभागीय अधिकारियों ने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाले प्रमुख मार्गों पर चेकिंग अभियान चलाया। जांच के दौरान नौ ऐसे यात्री वाहन पकड़े गए जो आवश्यक परमिट एवं परिवहन नियमों का पालन किए बिना सवारियां ढो रहे थे। इसके अलावा तीन वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक भार लेकर चलते पाए गए, जिन पर भी कड़ी कार्रवाई की गई।परिवहन विभाग की इस कार्रवाई के दौरान संबंधित वाहन स्वामियों पर कुल 3 लाख 65 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। अधिकारियों ने कहा कि अनाधिकृत रूप से वाहन संचालन और ओवरलोडिंग न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि सड़क सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करती है।प्रवर्तन अधिकारी राजेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। उन्होंने वाहन संचालकों से अपील की कि वे सभी आवश्यक दस्तावेज, परमिट और फिटनेस प्रमाणपत्र पूर्ण रखें तथा निर्धारित नियमों का पालन करें।परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी जिले भर में इसी प्रकार की औचक चेकिंग जारी रहेगी। नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी, ताकि सड़कों पर सुरक्षित और व्यवस्थित परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group