देहरादून। मसूरी के झड़ीपानी मार्ग पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की जान चली गई। उत्तरकाशी से लौट रहे पर्यटकों की कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।जानकारी के अनुसार, मसूरी-कोलूखेत झड़ीपानी शॉर्टकट मार्ग पर एक मारुति सिलेरियो कार अचानक नियंत्रण खो बैठी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे से कुछ देर पहले कार सवार लोग सड़क किनारे एक दुकान पर रुके थे। सामान खरीदने के बाद जैसे ही उन्होंने यात्रा शुरू की, ढलान वाले रास्ते पर कार तेज गति से आगे बढ़ने लगी।बताया जा रहा है कि चालक ने वाहन को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन कार सड़क से उतरकर सीधे सैकड़ों मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा देखकर आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और राहत टीम को सूचना दी।दुर्घटना में हरियाणा के सोनीपत निवासी सत्य प्रकाश, गाजियाबाद की नेहरू नगर निवासी सविता, दिल्ली के करोलबाग निवासी टीटू और संगीता की मौत हो गई। सभी उत्तरकाशी भ्रमण के बाद दिल्ली-एनसीआर लौट रहे थे। मृतकों में एक 19 वर्षीय युवक भी शामिल बताया गया है।सूचना मिलने पर पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे तथा काफी मशक्कत के बाद खाई से शवों को बाहर निकाला गया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वाहन के ब्रेक फेल होना माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने परिजनों को सूचना देने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मसूरी क्षेत्र में हुए इस हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group