मुजफ्फरनगर। भीषण गर्मी के बीच बिजली विभाग ने बिजली चोरी और बकाया बिलों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए सात लोगों को बिजली चोरी करते रंगे हाथों पकड़ा। वहीं लंबे समय से बिल जमा न करने वाले 150 से अधिक उपभोक्ताओं के कनेक्शन भी काट दिए गए।बुधवार को सुजड़ू क्षेत्र में विभागीय टीम ने चेकिंग अभियान चलाया। जांच के दौरान सात उपभोक्ता खंभे से सीधे कटिया डालकर और मीटर से पहले अवैध कनेक्शन लेकर बिजली का इस्तेमाल करते पाए गए। विभाग ने सभी आरोपियों के खिलाफ विद्युत थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।अभियान के दौरान दो मीटर भी संदिग्ध पाए गए। विभागीय अधिकारियों ने दोनों मीटरों को सील कर जांच के लिए मीटर टेस्टिंग लैब भेज दिया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।इसके अलावा शहर के विभिन्न इलाकों में बकाया वसूली अभियान भी चलाया गया। इस दौरान बार-बार नोटिस देने के बावजूद बिजली बिल जमा न करने वाले 150 से अधिक बड़े बकायेदारों के कनेक्शन मौके पर ही काट दिए गए।कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता (रेड) राघवेंद्र कुमार, अवर अभियंता (रेड) दिलीप कुमार और शीशराम, प्रवर्तन दल प्रभारी अमित गोस्वामी तथा अवर अभियंता प्रदीप कुमार शर्मा समेत विभागीय टीम और पुलिस बल मौजूद रहा।बिजली विभाग के अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि बिजली चोरी और बकाया बिलों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।