मेरठ। हस्तिनापुर थाने में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने अपनी शिकायत पर कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए आत्मदाह का प्रयास कर दिया। पुलिसकर्मियों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया और युवक को समय रहते काबू कर लिया गया।जानकारी के अनुसार, डिफेंस कॉलोनी निवासी कुलदीप ने कुछ लोगों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दी थी। युवक का कहना है कि शिकायत के बाद भी आरोपियों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसी बात से नाराज होकर वह थाने पहुंचा और विरोध जताने लगा।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुलदीप ने अपने साथ लाया गया ज्वलनशील पदार्थ अपने ऊपर डाल लिया। इससे थाना परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों और लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए युवक को आग लगाने से पहले ही रोक लिया और सुरक्षित स्थान पर ले गई।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने युवक से बातचीत कर उसकी शिकायत सुनी और मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद युवक शांत हुआ।थाना परिसर में हुई इस घटना को लेकर काफी देर तक लोगों की भीड़ लगी रही। पुलिस का कहना है कि युवक की शिकायत की दोबारा समीक्षा की जा रही है और मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।समय रहते पुलिस की तत्परता से एक बड़ी अनहोनी टल गई, जिससे थाना परिसर में मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।