हापुड़। शादी के महज एक महीने बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार जसरूपनगर निवासी 23 वर्षीय सोनम की शादी करीब 30 दिन पहले गिरधारी नगर निवासी युवक के साथ हुई थी। मंगलवार को ससुराल पक्ष ने परिजनों को सूचना दी कि सोनम की करंट लगने से मौत हो गई है। खबर मिलते ही मायके वाले मौके पर पहुंच गए और हंगामा करते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए।मृतका के परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से ही सोनम पर दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल और सोने की चेन लाने का दबाव बनाया जा रहा था। मांग पूरी न होने पर उसे लगातार परेशान किया जाता था। परिजनों का आरोप है कि इसी वजह से उसकी हत्या की गई है।परिवार वालों ने यह भी बताया कि मौत से कुछ घंटे पहले सोनम ने अपनी बहन को फोन किया था। फोन पर उसने घबराहट जताते हुए कहा था कि उसे डर लग रहा है और उसे घर ले जाया जाए। इसके कुछ समय बाद उसकी मौत की सूचना मिल गई।घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस और क्षेत्राधिकारी (सीओ) मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।सीओ सिटी वरुण मिश्रा ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट होंगे। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।नवविवाहिता की मौत के बाद दोनों परिवारों में शोक का माहौल है, जबकि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group