गाजियाबाद। मुरादनगर थाना क्षेत्र में महिला की गुमशुदगी के पीछे छिपी हत्या की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मृतका के पति, देवर और एक रिश्तेदार को गिरफ्तार करते हुए हत्या और साक्ष्य मिटाने की साजिश का खुलासा किया है।पुलिस के अनुसार, मुरादनगर निवासी सोनिया की गुमशुदगी को लेकर 6 जून को उसके परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। परिजनों ने अपहरण की आशंका जताई थी, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।पूछताछ में सामने आया कि सोनिया और उसके पति प्रविन्द्र के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। इसी विवाद से परेशान होकर प्रविन्द्र ने अपने भाई विनोद कुमार के साथ मिलकर पत्नी की हत्या की योजना बनाई। आरोप है कि जनवरी 2026 में दोनों ने पहले सोनिया को फांसी लगाने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहने पर तकिए से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी।हत्या के बाद आरोपी शव को ठिकाने लगाने के लिए अपने रिश्तेदार ब्रह्मपाल की मदद से उसे वाहन में रखकर मुजफ्फरनगर ले गए। वहां जंगल क्षेत्र में बिटौरे के भीतर शव को जलाकर पहचान मिटाने की कोशिश की गई। इतना ही नहीं, बाद में अवशेषों को भी छिपाने का प्रयास किया गया।पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मृतका के अवशेष बरामद कर लिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि वैज्ञानिक साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पूरे मामले का सफल खुलासा किया गया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य नष्ट करने समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group