मेरठ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पुत्री को लेकर सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के विरोध में सोमवार को समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। पार्टी नेताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव एवं पूर्व जिलाध्यक्ष युवजन सभा विपिन चौधरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा। यहां जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए नेताओं ने सोशल मीडिया पर महिलाओं और परिवारों के खिलाफ अभद्र भाषा के बढ़ते चलन पर चिंता व्यक्त की।ज्ञापन में कहा गया कि राजनीतिक मतभेद लोकतांत्रिक व्यवस्था का हिस्सा हैं, लेकिन किसी भी नेता के परिवार, विशेषकर महिलाओं और बच्चों को राजनीतिक विवादों में घसीटना सामाजिक मर्यादाओं के विरुद्ध है। सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि हाल ही में सोशल मीडिया पर प्रसारित कुछ टिप्पणियां न केवल आपत्तिजनक हैं, बल्कि महिलाओं के सम्मान को भी ठेस पहुंचाने वाली हैं।पार्टी पदाधिकारियों ने मांग की कि कथित आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वाले व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी निगरानी व्यवस्था लागू करने की भी मांग की गई।इस दौरान बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि महिलाओं की गरिमा और सम्मान से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए तथा दोषियों को शीघ्र कानून के दायरे में लाया जाना चाहिए।