हरियाणा। हरियाणा के हांसी शहर में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब बाइक सवार बदमाशों ने एक जिम संचालक की ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी। घटना सुबह करीब 5:25 बजे फव्वारा चौक क्षेत्र की बताई जा रही है। हमले में जिम संचालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।मृतक की पहचान हरिकिशन उर्फ हरी बॉक्सर के रूप में हुई है। बताया गया है कि वह सुबह कुछ युवक-युवतियों को वर्कआउट और एक्सरसाइज करवा रहा था। इसी दौरान बाइक पर पहुंचे हमलावरों ने उस पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने करीब 10 राउंड गोलियां चलाईं। कई गोलियां लगने से हरिकिशन लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़ा और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मौके से कई खोखे भी बरामद किए गए हैं।प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश और गैंगवार की आशंका जताई जा रही है। वहीं सोशल मीडिया पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से एक पोस्ट वायरल हो रही है, जिसमें हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। हालांकि पुलिस ने कहा है कि वायरल पोस्ट की सत्यता की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।पुलिस का कहना है कि हमलावरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group