नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के गोविंदपुरी क्षेत्र में स्थित एक पांच मंजिला रिहायशी इमारत में शुक्रवार तड़के भीषण आग लगने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के दौरान पांच लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।दक्षिण-पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त डॉ. हेमंत तिवारी ने बताया कि 11 और 12 जून की मध्यरात्रि करीब 2:24 बजे तुगलकाबाद एक्सटेंशन स्थित इमारत में आग लगने की सूचना गोविंदपुरी थाना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग की चार गाड़ियां और कैट्स एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं।आग लगने के बाद पूरी इमारत धुएं से भर गई, जिससे कई लोग भीतर फंस गए। पुलिस, दमकलकर्मियों और बचाव दल ने संयुक्त अभियान चलाकर आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और उपचार के लिए सफदरजंग अस्पताल तथा एम्स ट्रॉमा सेंटर भेजा। उपचार के दौरान एक 22 वर्षीय युवक और दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार आग इमारत के भूतल से शुरू हुई, जहां खड़े सात दोपहिया वाहन इसकी चपेट में आ गए। इनमें चार्जिंग पर लगा एक इलेक्ट्रिक स्कूटर भी शामिल था। वाहनों में आग लगने के बाद तेजी से धुआं फैल गया, जिससे ऊपरी मंजिलों पर रह रहे लोगों को बाहर निकलने में कठिनाई हुई।दमकल विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। पुलिस का कहना है कि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता फोरेंसिक और तकनीकी जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है तथा इमारत में अग्नि सुरक्षा मानकों और विद्युत व्यवस्था की भी पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group