मुजफ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर में मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल हुए एक वृद्ध की उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले में मृतक के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।पुलिस के अनुसार गांव सिकंदरपुर निवासी अरुण शर्मा ने थाना भोपा में दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि गांव के ही रणवीर पुत्र पृथी और नितिन पुत्र रणवीर सिंह ने उनके पिता वीरेन्द्र शर्मा पुत्र सुखवीर शर्मा के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। मारपीट में वीरेन्द्र शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।तहरीर के आधार पर थाना भोपा में मुकदमा अपराध संख्या 158/2026 के तहत संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने साक्ष्य जुटाने और मामले की गहन विवेचना शुरू कर दी है। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई का भरोसा दिलाया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।