मुजफ्फरनगर। स्वामी कल्याण देव राजकीय जिला चिकित्सालय में रविवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। अस्पताल परिसर में घूम रहे आवारा कुत्तों ने तीन वर्षीय बच्ची पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों समेत ग्रामीणों ने अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।जानकारी के अनुसार सहारनपुर जनपद के गांव खाताखेड़ी निवासी इंतजार की तीन वर्षीय पुत्री मीरद इन दिनों अपने ननिहाल शेरनगर में आई हुई थी। बुखार आने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बताया जाता है कि रविवार शाम करीब साढ़े चार बजे अस्पताल की बिजली चली गई। वार्ड में गर्मी और उमस बढ़ने के कारण परिजन बच्ची को लेकर वार्ड के बाहर बैठ गए।इसी दौरान अस्पताल परिसर में घूम रहे कई आवारा कुत्तों ने अचानक बच्ची पर हमला कर दिया। कुत्तों ने उसे बुरी तरह नोच लिया, जिससे उसके शरीर पर कई गंभीर घाव हो गए। बच्ची के रोने और चीखने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास मौजूद तीमारदार मौके पर पहुंचे। लोगों ने किसी तरह कुत्तों को भगाकर बच्ची को उनके चंगुल से छुड़ाया।घटना के बाद घायल बच्ची को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार बच्ची की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।घटना की जानकारी मिलते ही शेरपुर क्षेत्र के ग्राम प्रधान शोएब लंबरदार बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ जिला अस्पताल पहुंचे। ग्रामीणों ने अस्पताल परिसर में आवारा कुत्तों के खुलेआम घूमने और सुरक्षा व्यवस्था में कमी को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।मामले में जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय वर्मा ने कहा कि घटना की जांच कराई जाएगी। यदि किसी कर्मचारी या अधिकारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि बच्ची को बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है और उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।इस घटना के बाद जिला अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और अस्पताल परिसर में आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group