मुजफ्फरनगर। जनपद के भोपा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शस्त्रों की खरीद-फरोख्त करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 अवैध तमंचे, 15 जिंदा कारतूस तथा एक स्कूटी बरामद की है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में थाना भोपा पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार 24 जून की रात ककराला रजवाहे की पुलिया पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच की जा रही थी। इसी दौरान स्कूटी पर सवार तीन युवक आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपी स्कूटी मोड़कर भागने लगे।पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को मौके से दबोच लिया। तलाशी के दौरान प्रत्येक आरोपी के पास से एक-एक तमंचा और एक-एक कारतूस बरामद हुआ। वहीं स्कूटी की डिग्गी की जांच करने पर सात और अवैध तमंचे तथा 12 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित पुत्र राजेंद्र निवासी पबला थाना इंचौली जनपद मेरठ, निखिल मलिक पुत्र रामबीर निवासी नगला शेखू थाना इंचौली तथा विकास भाटी पुत्र प्रदीप भाटी निवासी कुंडा थाना फलावदा के रूप में हुई है। बरामद स्कूटी का पंजीकरण नंबर यूपी-15 सीएस-7616 बताया गया है।पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे अवैध तमंचों की खरीद-फरोख्त करते थे। एक तमंचा पांच से साढ़े पांच हजार रुपये में खरीदकर करीब सात हजार रुपये में बेचते थे, जिससे उन्हें अच्छा मुनाफा होता था। आरोपी बरामद हथियारों को किसी अज्ञात व्यक्ति को बेचने जा रहे थे, तभी पुलिस के हत्थे चढ़ गए।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही गिरोह के आगे और पीछे जुड़े नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हथियार कहां से खरीदे गए और किन लोगों को बेचे जाते थे। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group