खतौली (आकाश तायल)। दि गंगा मर्केंटाइल अर्बन कोऑपरेटिव बैंक लिमिटेड, मुजफ्फरनगर को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलने जा रहा है। सहकारिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रदेश के 164 अर्बन सहकारी बैंकों में से केवल चार बैंकों का चयन किया गया है, जिनमें गंगा मर्केंटाइल बैंक भी शामिल है। बैंक के 28 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी गई।बैंक के चेयरमैन नरेश कुमार पालीवाल ने कहा कि 28 वर्षों की यात्रा संघर्ष, चुनौतियों और उपलब्धियों से भरी रही है। बैंक ने हर परिस्थिति में ग्राहकों को बेहतर सेवाएं देने का प्रयास किया है और आगे भी आधुनिक व सुरक्षित बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा। उन्होंने कहा कि ग्राहकों के भरोसे और कर्मचारियों के समर्पण के बल पर बैंक लगातार प्रगति के पथ पर अग्रसर है।उन्होंने बताया कि 31 मार्च 2026 की बैलेंस शीट के अनुसार बैंक का कुल कारोबार 163.84 करोड़ रुपये रहा। बैंक में कुल जमा राशि 102.67 करोड़ रुपये दर्ज की गई, जबकि ऋण एवं अग्रिम 61.16 करोड़ रुपये रहे। बैंक का सकल अनुत्पादक आस्ति 1.58 करोड़ रुपये तथा शुद्ध अनुत्पादक आस्ति 41.59 लाख रुपये रही, जो कुल ऋण का मात्र 0.68 प्रतिशत है।बैंक प्रबंधन ने बताया कि विस्तार योजना के तहत पिछले वर्ष मुजफ्फरनगर के गांधी नगर क्षेत्र में नई शाखा शुरू की गई। ग्राहकों की सुविधा के लिए स्वर्ण ऋण योजना, प्रधानमंत्री सूर्यघर ऋण योजना और स्वयं सहायता समूह ऋण योजना भी प्रारंभ की गई हैं। प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के अंतर्गत केंद्र एवं राज्य सरकार की सब्सिडी का लाभ भी ग्राहकों को मिल रहा है, जबकि स्वयं सहायता समूह ऋण योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रही है।प्रबंधन के अनुसार वर्तमान में बैंक से लगभग 20 हजार ग्राहक जुड़े हुए हैं। राष्ट्रीय सम्मान के चयन को बैंक परिवार और जनपद के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।इस अवसर पर उत्कृष्ट ग्राहकों दीपक गर्ग, डॉ. दिनेश चंद्र, डॉ. के. त्यागी और वीरेश जैन को विशिष्ट ग्राहक सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में मुकेश शर्मा, शिवा गुप्ता, सचिव मनोज चौहान, प्रबंधक अनिल सिंह, मुकेश जैन समेत बैंक के पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।