मुजफ्फरनगर। पुरकाजी थाना क्षेत्र में एक युवती को सोशल मीडिया के जरिए मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ युवकों ने युवती का मोबाइल नंबर अलग-अलग व्हाट्सएप समूहों में साझा कर दिया, जिसके बाद उसे लगातार अश्लील संदेश, आपत्तिजनक वीडियो और अभद्र टिप्पणियां भेजी जाने लगीं। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस को दी गई तहरीर में पुरकाजी क्षेत्र के गांव कमहेड़ा निवासी युवती ने बताया कि तुगलकपुर निवासी आदिल पुत्र नसीम उर्फ बच्चा ने उसका मोबाइल नंबर कई व्हाट्सएप समूहों में जोड़ दिया। आरोप है कि इसके बाद समूहों में जुड़े अन्य लोगों ने भी उसका नंबर मिलने पर लगातार अशोभनीय संदेश भेजने शुरू कर दिए। युवती का कहना है कि दिन-रात मोबाइल पर आने वाले अश्लील संदेशों और वीडियो के कारण उसका सामान्य जीवन प्रभावित होने लगा।पीड़िता ने बताया कि लगातार हो रही इस हरकत से वह मानसिक तनाव में रहने लगी। उसने कई बार आरोपियों को ऐसा करने से मना किया, लेकिन इसके बावजूद उत्पीड़न बंद नहीं हुआ। उल्टा विरोध करने पर आरोपियों का रवैया और आक्रामक हो गया।तहरीर में आरोप लगाया गया है कि मना करने पर आदिल और उसके साथियों ने युवती को डराना-धमकाना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं, मिलने पर गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी भी दी गई। इससे युवती और उसके परिजनों में भय का माहौल बना हुआ है।युवती ने अपनी शिकायत में आदिल के अलावा अनस, मशरूफ और सानू को भी नामजद किया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।पुरकाजी थाना पुलिस अब मोबाइल नंबरों, व्हाट्सएप समूहों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की गहन पड़ताल कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group