मुजफ्फरनगर। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने 60.37 लाख रुपये की बीमा मैच्योरिटी राशि हड़पने वाले संगठित गिरोह के तीन और सदस्यों को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को हुई इस कार्रवाई के बाद मामले में अब तक कुल छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।पुलिस के अनुसार, हरिद्वार निवासी सुमनलता ने वर्ष 2019 में बजाज एलियांज इंश्योरेंस से जीवन बीमा पॉलिसी ली थी। प्रीमियम जमा न कर पाने के कारण उन्होंने पॉलिसी बंद कर मैच्योरिटी राशि वापस मांगी थी। कंपनी ने 60 लाख 37 हजार रुपये का चेक ब्लू डार्ट कूरियर के माध्यम से भेजा था, लेकिन चेक पीड़िता तक पहुंचने से पहले ही गायब हो गया।जांच में सामने आया कि आरोपियों ने चेक पर नाम बदलकर उसे मुजफ्फरनगर के बिरालसी निवासी एक महिला के बैंक खाते में जमा कराया। चेक क्लियर होने के बाद पूरी राशि अलग-अलग खातों में स्थानांतरित कर निकाल ली गई।तकनीकी साक्ष्यों और बैंक खातों की जांच के आधार पर पुलिस ने अनिल कुमार चौहान, सचिन और जितेंद्र कुमार उर्फ जितेश को गिरफ्तार किया। तीनों मूल रूप से अमरोहा जनपद के निवासी हैं। आरोपियों के कब्जे से एक चेकबुक और दो एटीएम कार्ड बरामद किए गए हैं।पुलिस ने बताया कि इससे पहले 21 जून को गिरोह के तीन अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। उनके पास से दो बैंक पासबुक और तीन मोबाइल फोन बरामद हुए थे।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय वर्मा ने बताया कि साइबर अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से बैंकिंग, बीमा और निवेश संबंधी दस्तावेजों के लेनदेन में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group