मुजफ्फरनगर। बुढाना के दयानंद नगर मोहल्ले में बीती रात चार्जिंग पर लगी एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लग गई। आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर पास खड़ी एक मोटरसाइकिल को भी अपनी चपेट में ले लिया। काफी मशक्कत के बाद परिजनों और पड़ोसियों ने आग पर काबू पाया।जानकारी के अनुसार, दयानंद नगर निवासी प्रदीप वर्मा ने रोज की तरह रात में अपने मकान के अंदर स्कूटी चार्जिंग पर लगाई थी। परिवार के सभी सदस्य भोजन करने के बाद सो गए थे। आधी रात के बाद चार्जिंग के दौरान स्कूटी की बैटरी में संभवतः शॉर्ट सर्किट या अत्यधिक गर्म होने से आग लग गई।देखते ही देखते स्कूटी से उठीं लपटों ने पास खड़ी बाइक और घर में रखे अन्य सामान को भी अपनी चपेट में ले लिया। घर के भीतर धुआं और गर्मी महसूस होने पर परिजनों की नींद खुली, जिसके बाद घर में अफरा-तफरी मच गई।परिजनों ने तुरंत शोर मचाया और बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और सभी के सामूहिक प्रयास से आग पर काबू पा लिया गया।हालांकि तब तक स्कूटी और मोटरसाइकिल बुरी तरह जल चुके थे। हादसे में परिवार को आर्थिक नुकसान हुआ, लेकिन समय रहते आग बुझ जाने से कोई जनहानि नहीं हुई।