मुजफ्फरनगर। लखनऊ में हुए अग्निकांड के बाद जनपद में होटल, रेस्टोरेंट और अन्य सार्वजनिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा जांच तेज कर दी गई है। इसी क्रम में शुक्रवार शाम रामपुर तिराहा क्षेत्र स्थित एक होटल पर प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त छापेमारी कर करीब एक दर्जन हुक्के जब्त किए।एसडीएम सदर प्रवीण कुमार द्विवेदी और सीओ सदर विनय कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में भारी पुलिस बल के साथ सघन जांच अभियान चलाया गया। थाना प्रभारी मोहित सहरावत की मौजूदगी में टीम ने चिन्हित होटल की घेराबंदी कर तलाशी ली और अवैध रूप से संचालित हुक्का व्यवस्था पर कार्रवाई की।जांच के दौरान अधिकारियों ने होटल की अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। बेसमेंट, आपातकालीन निकास द्वार, अग्निशमन यंत्र, विद्युत वायरिंग और निकासी मार्ग समेत अन्य सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की गई। जहां कमियां मिलीं, वहां संचालकों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।एसडीएम सदर ने बताया कि जिले में विशेष अभियान के तहत लगातार औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं। सुरक्षा मानकों की अनदेखी या नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध सीलिंग सहित कड़ी कार्रवाई की जाएगी।