मुजफ्फरनगर। नई मंडी थाना क्षेत्र के गांव रथेड़ी में एक विवाहिता संदिग्ध परिस्थितियों में गंभीर रूप से झुलस गई। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर विवाहिता को जिंदा जलाने का आरोप लगाया है। गंभीर हालत में महिला को जिला चिकित्सालय से प्राथमिक उपचार के बाद दिल्ली के सफ़दरगंज अस्पताल रेफर किया गया। घटना के बाद जिला अस्पताल में परिजनों ने हंगामा करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।जानकारी के अनुसार, नई मंडी क्षेत्र के गांव बझेड़ी के पूर्व प्रधान मोहम्मद साबिर के परिवार की भतीजी अमरीन का निकाह करीब साढ़े छह वर्ष पहले रथेड़ी निवासी शादाब पुत्र कामिल अहमद से हुआ था। परिजनों का आरोप है कि विवाह के बाद से संतान न होने को लेकर अमरीन को लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेलनी पड़ रही थी।परिजनों के मुताबिक, दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसे सुलझाने के लिए कई बार पंचायत भी हुई। आठ दिन पहले रथेड़ी में पंचायत हुई थी, जबकि रविवार को गांव खुड्डा में एक और पंचायत प्रस्तावित थी। आरोप है कि हालिया पंचायत में शादाब की दूसरी शादी पर आपत्ति न जताते हुए अमरीन के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए उसके नाम संपत्ति करने की मांग रखी गई थी। इसी विवाद के बीच अमरीन पर तेल डालकर आग लगाने का आरोप लगाया गया है।मायके पक्ष का कहना है कि घटना के बाद ससुराल पक्ष ने गांव के प्रधान को सूचना दी और घर छोड़कर चला गया। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो अमरीन गंभीर रूप से झुलसी हालत में चारपाई पर पड़ी मिली, जबकि उसकी सास उस पर पानी डाल रही थी।सूचना पर पहुंची पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से घायल महिला को जिला चिकित्सालय पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार अमरीन 50 प्रतिशत से अधिक झुलसी अवस्था में अस्पताल लाई गई थी। हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे उच्च चिकित्सा केंद्र भेज दिया गया। वहीं परिजनों का दावा है कि वह करीब 80 प्रतिशत तक झुलस चुकी है।घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन जिला चिकित्सालय पहुंच गए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए अस्पताल परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया।नई मंडी थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद देव मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी और घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। परिजनों से शिकायत प्राप्त हो चुकी है और पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार घटना के बाद पति सहित परिवार के कई सदस्य फरार हैं, जबकि मौके पर केवल सास मिली। जांच पूरी होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।