मुजफ्फरनगर। भीषण गर्मी और लंबे समय से जारी बिजली कटौती से परेशान सुभाष नगर के लोगों का शनिवार को आक्रोश फूट पड़ा। गांधी कॉलोनी-सुभाष नगर की गली नंबर 17 में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए और बिजली विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए जल्द आपूर्ति बहाल करने की मांग की।प्रदर्शन के दौरान लोगों ने बिजली विभाग के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की और क्षेत्र की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमराने का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा, जिससे लोगों की परेशानी लगातार बढ़ रही है।स्थानीय लोगों ने संबंधित अवर अभियंता पर भी गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि बिजली संबंधी शिकायत करने पर अवर अभियंता फोन उठाने से बचते हैं। आरोप यह भी लगाया गया कि वह खुद को राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल का करीबी बताकर शिकायतकर्ताओं को यह कहते हैं कि उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।लोगों के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब सात बजे से क्षेत्र की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई थी। दिनभर एक-एक घंटे में बिजली आने का आश्वासन मिलता रहा, लेकिन आपूर्ति सामान्य नहीं हो सकी। शुक्रवार शाम करीब छह बजे केवल आधे घंटे के लिए बिजली आई, जिसके बाद फिर आपूर्ति ठप हो गई। पूरी रात लोगों को भीषण गर्मी में बिना बिजली के गुजारनी पड़ी।स्थानीय निवासी अभिषेक त्यागी ने बताया कि शनिवार सुबह क्षेत्र के लोग बिजलीघर पहुंचे और अधिशासी अभियंता को समस्या से अवगत कराया। उनका आरोप है कि संबंधित अवर अभियंता ने एक बार भी फोन रिसीव नहीं किया।मौके पर मौजूद लाइनमैन ने लोगों को बताया कि क्षेत्र का ट्रांसफार्मर फुंक गया है और उसे बदलने के लिए विभाग के पास अतिरिक्त ट्रांसफार्मर उपलब्ध नहीं है। बताया गया कि यहां रखा स्पेयर ट्रांसफार्मर पहले ही मिमलाना रोड क्षेत्र में भेजा जा चुका है, जिससे समस्या का त्वरित समाधान संभव नहीं हो पा रहा।प्रदर्शनकारियों का कहना है कि क्षेत्र में बिजली संकट कोई नई समस्या नहीं है। उनका आरोप है कि जब भी बिजली आपूर्ति को लेकर शिकायत की जाती है, जिम्मेदार अधिकारी गंभीरता नहीं दिखाते। इससे विभाग के प्रति लोगों में नाराजगी लगातार बढ़ रही है।गौरतलब है कि राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने शहर में लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर मुख्य अभियंता को फोन पर फटकार लगाते हुए व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद सुभाष नगर क्षेत्र में हालात जस के तस बने रहने से लोगों में असंतोष और गहरा गया।प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ट्रांसफार्मर बदलकर नियमित बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। हालांकि, अवर अभियंता पर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है और विभाग की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group