मुजफ्फरनगर। सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली आपत्तिजनक सामग्री साझा करने के मामले में बुढाना पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।पुलिस के मुताबिक, थाना बुढाना क्षेत्र में फेसबुक पर एक अभद्र पोस्ट प्रसारित होने की सूचना मिली थी, जिसे धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला माना गया। मामला सामने आते ही पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर पोस्ट करने वाले व्यक्ति की पहचान सुनिश्चित की।जांच के बाद पुलिस ने ग्राम जौला निवासी आसिफ मलिक पुत्र हबीब को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध थाना बुढाना में मु0अ0सं0 273/2026 के अंतर्गत धारा 353(2) भारतीय न्याय संहिता में मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में सोशल मीडिया गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। ऐसी किसी भी सामग्री को गंभीरता से लिया जाएगा, जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने या कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका हो।