बागपत। जनपद के बिनौली थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। बिजवाड़ा गांव में पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर सो रहे पति पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसे पति ने करीब एक सप्ताह तक जिंदगी और मौत से संघर्ष किया, लेकिन मेरठ के अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृत्यु से पहले दिए गए बयान के आधार पर पुलिस ने पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अब मामले में हत्या की धारा बढ़ाने की तैयारी की जा रही है।पुलिस के अनुसार बिजवाड़ा गांव निवासी 40 वर्षीय राजीव मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी शादी करीब दस वर्ष पहले नीशू से हुई थी। दंपति के तीन छोटे बच्चे हैं। परिवार के लोगों का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों से राजीव की पत्नी का गांव के ही विक्रांत नामक व्यक्ति से प्रेम संबंध चल रहा था। शुरू में यह संबंध छिपकर चलता रहा, लेकिन करीब तीन महीने पहले राजीव को इसकी जानकारी हो गई थी। इसके बाद उसने पत्नी और उसके प्रेमी को समझाने का प्रयास किया तथा दोनों को मिलने-जुलने से रोका था। बताया जा रहा है कि इसी के बाद राजीव को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई।घटना बीती 20 जून की रात की बताई जा रही है। राजीव रोज की तरह काम से लौटकर घर आया और परिवार के साथ भोजन करने के बाद कमरे में सो गया। आरोप है कि देर रात पत्नी ने अपने प्रेमी विक्रांत को घर बुलाया। विक्रांत अपने साथ पेट्रोल लेकर पहुंचा था। दोनों चुपचाप कमरे में दाखिल हुए और सो रहे राजीव पर पेट्रोल छिड़क दिया। शरीर पर पेट्रोल पड़ते ही राजीव की नींद खुल गई और वह घबराकर उठ खड़ा हुआ। इससे पहले कि वह खुद को बचा पाता, पत्नी ने माचिस जलाकर आग लगा दी।आग की लपटों में घिरा राजीव चीखता-चिल्लाता हुआ घर से बाहर भागा। उसकी चीखें सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने किसी तरह कंबल और पानी की मदद से आग बुझाई, लेकिन तब तक वह बुरी तरह झुलस चुका था। गंभीर हालत में उसे पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने मेरठ रेफर कर दिया।मृतक के पिता सतबीर सिंह ने बताया कि घटना के तुरंत बाद उन्होंने आरोपी विक्रांत को घर की छत के रास्ते भागते देखा था। अगले दिन उनकी तहरीर पर पुलिस ने पत्नी और उसके प्रेमी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। अस्पताल में भर्ती राजीव ने पुलिस के समक्ष बयान दर्ज कराते हुए पत्नी और उसके प्रेमी को हमले का जिम्मेदार ठहराया था।पुलिस ने बयान और साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि उपचार के दौरान राजीव की मौत हो चुकी है, इसलिए अब मुकदमे में हत्या की धारा जोड़ी जाएगी। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। वहीं तीन मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठने के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।