मुजफ्फरनगर। स्वास्थ्य विभाग ने जिले में नियमों की अनदेखी कर संचालित हो रहे अस्पतालों और जांच केंद्रों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए औचक निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान मीरापुर स्थित एक अल्ट्रासाउंड सेंटर को सील कर दिया गया, जबकि दो अस्पतालों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया।जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया के आदेश से पीसीपीएनडीटी नोडल अधिकारी डॉ. विपिन कुमार के नेतृत्व में टीम ने विभिन्न चिकित्सा संस्थानों की जांच की। निरीक्षण के दौरान मीरापुर स्थित अथर्व हॉस्पिटल एंड अल्ट्रासाउंड सेंटर में गंभीर अनियमितताएं मिलीं। जांच में सामने आया कि अल्ट्रासाउंड सेंटर का संचालन बेसमेंट में किया जा रहा था, जो निर्धारित मानकों के विपरीत है। इस पर टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सेंटर को सील कर दिया।स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया कि सेंटर को नियमों के अनुरूप स्थान परिवर्तन और सभी आवश्यक मानकों की पूर्ति के बाद ही दोबारा संचालन की अनुमति दी जाएगी।इसके बाद टीम ने मदीना चौक, बझेड़ी रोड स्थित अपना हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। अस्पताल के अभिलेखों और व्यवस्थाओं में कमियां मिलने पर प्रबंधन को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। निर्धारित समय के भीतर संतोषजनक जवाब न देने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।कच्ची सड़क स्थित अनुलोक हॉस्पिटल की जांच के दौरान अल्ट्रासाउंड केंद्र, गर्भसमापन संबंधी अभिलेख और आयुष्मान भारत योजना के रिकॉर्ड की पड़ताल की गई। यहां भी कई कमियां मिलने पर अस्पताल प्रबंधन को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने कहा कि मरीजों की सुरक्षा के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले अस्पतालों, क्लीनिकों और जांच केंद्रों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group