मुजफ्फरनगर। जनपद की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय वर्मा ने पुलिस विभाग में प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। जारी आदेश के तहत चौकी प्रभारी, उपनिरीक्षक और निरीक्षक स्तर के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।तबादला आदेश के अनुसार बिरालसी चौकी प्रभारी कुलदीप सिंह परिहार को स्थानांतरित कर थाना तितावी भेजा गया है। उनके स्थान पर पुलिस लाइन में तैनात उपनिरीक्षक सतीश कुमार को बिरालसी चौकी की जिम्मेदारी दी गई है। इस बदलाव के साथ क्षेत्रीय पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने का प्रयास किया गया है।वहीं थाना सिविल लाइन प्रभारी निरीक्षक महावीर सिंह चौहान का तबादला कर उन्हें क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना कार्यालय में पेशी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी जगह साइबर अपराध शाखा में तैनात निरीक्षक इंद्रजीत को थाना सिविल लाइन का नया प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है।महावीर सिंह चौहान अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए पहचाने जाते रहे हैं। उन्होंने पूर्व में 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश सतपाल उर्फ सत्तू को पुलिस मुठभेड़ में ढेर कर विशेष पहचान बनाई थी। पुलिस विभाग ने उनके अनुभव और कार्यशैली को देखते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपी है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह फेरबदल प्रशासनिक आवश्यकता के साथ-साथ बेहतर पुलिसिंग और जवाबदेही सुनिश्चित करने की रणनीति का हिस्सा है। सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।पुलिस महकमे में इस बदलाव को प्रशासनिक कसावट और कार्यकुशलता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि नई तैनाती के बाद अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group