मुजफ्फरनगर। जनपद में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन सवेरा के तहत थाना ककरौली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो शातिर मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में गांजा और अवैध देशी शराब बरामद की है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक ग्रामीण तथा क्षेत्राधिकारी भोपा के पर्यवेक्षण में थाना ककरौली पुलिस ने मंगलवार को चेकिंग अभियान के दौरान गुर्जर चैक, ढांसरी क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से डेढ़ किलोग्राम गांजा तथा 24 पव्वे अवैध देशी शराब बरामद की गई। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ग्राम ढांसरी स्थित अपनी परचून की दुकान से अवैध मादक पदार्थ और शराब की बिक्री करते थे।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मंगल पुत्र बहादुर तथा शुभम पुत्र बहादुर निवासी ग्राम ढांसरी, थाना ककरौली के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सचिन चौधरी, उपनिरीक्षक दिनेश सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मियों की सक्रिय भूमिका रही। जनपद पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।