मुजफ्फरनगर। जनपद पुलिस परिवार ने सेवानिवृत्त होने वाले पुलिसकर्मियों को भावभीनी विदाई दी। रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार कक्ष में आयोजित सम्मान समारोह में पुलिस अधिकारियों ने सेवानिवृत्त कर्मियों के योगदान को सराहा और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ ने सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा केवल नौकरी नहीं बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण का दायित्व है। उन्होंने अपने सेवाकाल में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों की प्रशंसा करते हुए उनके कर्तव्यनिष्ठ योगदान को याद किया।इस अवसर पर सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को स्मृति चिन्ह एवं उपहार भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। साथ ही उनके सुखमय, स्वस्थ और समृद्ध जीवन की शुभकामनाएं भी दी गईं।सेवानिवृत्त होने वालों में उपनिरीक्षक (लेखा) हरलाल सिंह, उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस बनी सिंह, उर्दू अनुवादक मंजूर अली, फायरमैन कैसर अब्बास तथा अनुचर विजयपाल सिंह शामिल रहे। सभी कर्मियों ने वर्षों तक विभिन्न इकाइयों में अपनी सेवाएं देकर विभाग की जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया।विदाई समारोह में प्रतिसार निरीक्षक ऊदल सिंह सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजन भी मौजूद रहे। समारोह भावुक माहौल के बीच संपन्न हुआ, जहां साथियों ने वर्षों की यादों को साझा करते हुए सेवानिवृत्त कर्मियों को नई पारी के लिए शुभकामनाएं दीं।