मुजफ्फरनगर, 1 जुलाई 26। आगामी उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां तेज कर दी हैं। जनपद में संचालित होटल, सराय, गेस्ट हाउस और धर्मशालाओं के संचालकों से परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता के आधार पर ठहराने का अनुरोध किया गया है।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) तथा प्रभारी अधिकारी होटल एवं पर्यटन अनिरुद्ध प्रताप सिंह ने समस्त होटल, धर्मशाला और गेस्ट हाउस संचालकों को जारी अपील में बताया कि अपर जिला मजिस्ट्रेट (प्रशासन) के निर्देशानुसार जनपद के 13 परीक्षा केंद्रों पर 2, 3 और 4 जुलाई 2026 को उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो पालियों में होगी, जिसमें पहली पाली प्रातः 9:30 बजे से 11:30 बजे तक तथा दूसरी पाली अपराह्न 2:30 बजे से 4 बजे तक संचालित होगी।
प्रशासन के अनुसार परीक्षा में शामिल होने के लिए करीब 11 हजार छात्र-छात्राओं के साथ उनके परिजनों के भी बस और रेल मार्ग से जनपद पहुंचने की संभावना है। ऐसे में बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शहर के प्रमुख स्थानों पर उपलब्ध आवासीय व्यवस्थाओं को चिन्हित किया जा रहा है। साथ ही रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर भी इनकी जानकारी उपलब्ध कराने की योजना बनाई गई है।
प्रशासन ने होटल और धर्मशाला संचालकों से अपेक्षा की है कि निर्धारित मानकों के अनुरूप अधिक से अधिक अभ्यर्थियों को ठहराने की व्यवस्था सुनिश्चित करें और परीक्षा अवधि के दौरान कमरों की उपलब्धता में छात्रों को प्राथमिकता दें। अधिकारियों ने कहा कि परीक्षा के शांतिपूर्ण और व्यवस्थित संचालन में सभी संबंधित संस्थानों का सहयोग महत्वपूर्ण रहेगा।