शामली। कैराना तहसील में सहारनपुर एंटी करप्शन टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) धर्मवीर सिंह को छह हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि एसडीएम के आदेश के बाद भूमि की पैमाइश कराने के बदले किसान से रिश्वत की मांग की गई थी। कार्रवाई के बाद आरोपी को टीम अपने साथ ले गई और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया।जानकारी के अनुसार, कैराना क्षेत्र के गांव बेदखेड़ी निवासी किसान श्रीनिवास ने एंटी करप्शन संगठन से शिकायत की थी कि उसकी भूमि की पैमाइश कराने के लिए कानूनगो धर्मवीर सिंह छह हजार रुपये की मांग कर रहे हैं। शिकायत मिलने पर टीम ने गोपनीय तरीके से मामले का सत्यापन कराया। आरोप सही पाए जाने के बाद आरोपी को पकड़ने की योजना बनाई गई।बुधवार शाम करीब चार बजे शिकायतकर्ता तय रकम लेकर तहसील पहुंचा। जैसे ही उसने कानूनगो को छह हजार रुपये दिए, पहले से आसपास मौजूद एंटी करप्शन टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम ने रिश्वत की रकम अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की।कार्रवाई की सूचना मिलते ही तहसील परिसर में मौजूद कर्मचारियों, अधिवक्ताओं और फरियादियों में हलचल मच गई। काफी देर तक लोग घटना की जानकारी लेने के लिए मौके पर जुटे रहे। अचानक हुई कार्रवाई पूरे तहसील परिसर में चर्चा का विषय बनी रही।एंटी करप्शन टीम के अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।