मुजफ्फरनगर। खतौली तहसील में रिश्वत लेने का वीडियो वायरल होने के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लेखपाल अश्वनी कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उप जिलाधिकारी खतौली द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में लेखपाल पर किसानों से कार्य के बदले रुपये लेने के आरोप सामने आए थे, जिसके बाद प्रथम दृष्टया मामला गंभीर मानते हुए यह कार्रवाई की गई।आदेश के अनुसार, लेखपाल अश्वनी कुमार पर वित्तीय नियम संग्रह के प्रावधानों के तहत निलंबन की कार्रवाई की गई है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय राजस्व निरीक्षक कार्यालय, खतौली रहेगा तथा बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने की अनुमति नहीं होगी। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निलंबन अवधि में संबंधित कर्मचारी कोई निजी कार्य अथवा अन्य रोजगार नहीं कर सकेगा। साथ ही उन्हें नियमित रूप से राजस्व निरीक्षक कार्यालय में अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी।मामले की विभागीय जांच के लिए तहसीलदार, खतौली को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group