मुजफ्फरनगर। लगातार हो रही बारिश के बीच भोकरहेड़ी कस्बे में गुरुवार को एक कच्चे मकान की छत गिरने से बड़ा नुकसान हो गया। हादसे में मलबे के नीचे दबकर 20 बकरियों की मौत हो गई। बकरी पालन से परिवार का भरण-पोषण करने वाले पीड़ित ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और मुआवजे की मांग की है।भोकरहेड़ी के मोहल्ला सेठपुरी निवासी मोहनलाल वाल्मीकि ने बताया कि उनका परिवार बकरी पालन कर आजीविका चलाता है। पशुओं को रखने के लिए उन्होंने करीब डेढ़ लाख रुपये उधार लेकर एक मकान तैयार कराया था। गुरुवार को लगातार हो रही बारिश के दौरान अचानक मकान की छत भरभराकर गिर गई। उस समय अंदर बंधी 20 बकरियां मलबे की चपेट में आ गईं।छत गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक सभी बकरियों की मौत हो चुकी थी। दूसरी ओर बंधी 12 बकरियां सुरक्षित बच गईं। घटना के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका कहना है कि बकरियां ही परिवार की आय का मुख्य साधन थीं और इस नुकसान से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।सूचना मिलने पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए प्रशासन से तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि गरीब परिवार की आजीविका पूरी तरह पशुपालन पर निर्भर है, ऐसे में शासन स्तर से शीघ्र राहत मिलनी चाहिए।मौके पर पहुंचे लोगों ने प्रशासन से घटना का सर्वे कराकर नुकसान का आकलन कराने और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की।