मुजफ्फरनगर। लगातार हो रही वर्षा के बीच गुरुवार सुबह थाना मंसूरपुर क्षेत्र के गांव बोपाड़ा में दो कच्चे मकानों की छतें ढह गईं, जबकि पास स्थित एक अन्य मकान की दीवार भी गिर गई। घटना के समय घरों में मौजूद लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि हादसे में दो गरीब परिवारों का आशियाना बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उन्हें खुले आसमान के नीचे रहने की नौबत आ गई।जानकारी के अनुसार गांव निवासी इस्लाम पुत्र बशीर और शौकीन पुत्र समेदीन के कच्चे मकान एक-दूसरे से सटे हुए हैं। गुरुवार सुबह करीब सात बजे लगातार हो रही बारिश के कारण दोनों मकानों की छतें अचानक भरभराकर गिर गईं। इसी दौरान निकट स्थित एक अन्य मकान की दीवार भी वर्षा के दबाव के चलते ढह गई।छत गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और प्रभावित परिवारों की सहायता में जुट गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना से पहले ही परिवार के सदस्य घरों से बाहर निकल आए थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन मकानों में रखा घरेलू सामान क्षतिग्रस्त होने की बात सामने आई है।ग्रामीणों के अनुसार प्रभावित परिवार आर्थिक रूप से कमजोर हैं और वर्षों से कच्चे मकानों में रह रहे थे। लगातार हो रही बारिश से मकानों की दीवारें और छतें पहले ही कमजोर हो चुकी थीं। बुधवार रात से जारी तेज वर्षा के बाद गुरुवार सुबह मकान ढह गए, जिससे परिवारों के सामने रहने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।घटना की सूचना मिलने पर क्षेत्रीय लेखपाल मौके पर पहुंचे और क्षति का निरीक्षण किया। उन्होंने नुकसान का आकलन कर अपनी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी है। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को नियमानुसार राहत सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू किए जाने की बात कही जा रही है।