मुजफ्फरनगर। जनपद में लगातार हो रही बारिश के बीच मंसूरपुर थाना क्षेत्र के खानपुर स्थित सुभाष कॉलोनी में शुक्रवार को एक कच्चे मकान का हिस्सा ढह जाने से 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उसके पति गंभीर रूप से घायल हो गए। लगातार हो रही वर्षा के कारण मकान की दीवार और सिल्ली-लैंटर की छत अचानक गिर पड़ी, जिससे दंपती मलबे में दब गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर दोनों को बाहर निकाला, लेकिन महिला को बचाया नहीं जा सका।जानकारी के अनुसार, हादसे में सरोज देवी पत्नी कृष्णपाल की मौके पर ही मृत्यु हो गई। उनके पति कृष्णपाल को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। आसपास के लोगों ने मलबा हटाकर राहत कार्य में सहयोग किया और घटना की सूचना पुलिस व प्रशासन को दी।सूचना मिलने पर थाना मंसूरपुर प्रभारी विपिन त्यागी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी। इसके बाद खतौली के उपजिलाधिकारी ललित मिश्रा भी प्रशासनिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है तथा प्रभावित परिवार को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कराई गई है।लगातार हो रही बारिश के कारण जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में कच्चे और जर्जर मकानों को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी हुई है। प्रशासन ने ऐसे भवनों में रहने वाले लोगों से सतर्कता बरतने और आवश्यकता होने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।इसी दिन मंसूरपुर क्षेत्र के गांव नावला में भी बारिश के दौरान एक अन्य घटना सामने आई, जहां बिजली के पोल में करंट उतर आने से शादी समारोह से लौट रही दो घोड़ियों की करंट लगने से मौत हो गई। लगातार हो रही बारिश के बीच सामने आई इन घटनाओं ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्थाओं और जर्जर भवनों की स्थिति को लेकर चिंता बढ़ा दी है।