शामली। जनपद में लगातार हो रही बारिश के बीच मेरठ-करनाल-सहारनपुर हाईवे पर बने एक पुल का किनारे वाला हिस्सा धंसकर नीचे गिर गया। पुल से गिरे मलबे की चपेट में पास स्थित एक किसान का खेत आ गया, जिससे खड़ी फसल को नुकसान पहुंचने का दावा किया गया है। घटना के बाद ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।बताया गया कि यह घटना आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के गांव बंधेड़ के जंगल में हुई। यहां हाईवे पर बने पुल का साइड हिस्सा अचानक धंस गया और भारी मलबा नीचे स्थित खेत में जा गिरा। उस समय खेत में फसल खड़ी थी, जो मलबे के नीचे दब गई। घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बारिश के दौरान यदि पुल का हिस्सा इस तरह क्षतिग्रस्त हो रहा है तो निर्माण कार्य की गुणवत्ता की गंभीरता से जांच कराई जानी चाहिए। उनका कहना है कि समय रहते तकनीकी परीक्षण नहीं कराया गया तो भविष्य में इस मार्ग पर आवागमन करने वाले लोगों के लिए भी खतरा उत्पन्न हो सकता है।पीड़ित किसान कंवरपाल ने बताया कि पुल से गिरे मलबे के कारण उसकी फसल को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन से खेत का सर्वे कराकर वास्तविक क्षति का आकलन कराने तथा नियमानुसार उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। किसान का कहना है कि फसल तैयार होने की स्थिति में थी, लेकिन मलबा गिरने से उसे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।घटना के संबंध में स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पुल की तकनीकी जांच कराने के साथ ही निर्माण एजेंसी की कार्य गुणवत्ता की भी समीक्षा करने की मांग उठाई है। समाचार लिखे जाने तक संबंधित विभाग की ओर से घटना के कारणों या जांच को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था। ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन शीघ्र मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करेगा।