मुजफ्फरनगर। जनपद में लगातार हो रही बारिश अब लोगों के लिए जान-माल का खतरा बनती जा रही है। शुक्रवार को ककरौली थाना क्षेत्र के गांव जटवाड़ा में वर्षा के कारण एक कच्चे मकान की छत और दीवार अचानक ढह गई। हादसे के समय घर के भीतर मौजूद एक ही परिवार के चार सदस्य मलबे में दब गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से तत्काल राहत एवं बचाव अभियान चलाकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह से क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही थी। बारिश के कारण मकान की दीवारें और छत कमजोर हो चुकी थीं। इसी दौरान अचानक पूरी छत और एक दीवार भरभराकर गिर गई, जिससे घर के भीतर मौजूद लोग मलबे में दब गए। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना देते हुए राहत कार्य शुरू कर दिया।सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक जोगिंदर सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों के सहयोग से बिना समय गंवाए मलबा हटाने का कार्य शुरू कराया। बचाव अभियान के दौरान पुलिसकर्मी स्वयं मलबे में उतरकर लोगों को बाहर निकालने में जुटे रहे। काफी प्रयास के बाद मलबे में दबे चारों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जानसठ पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। अस्पताल में सभी का उपचार जारी है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक ग्रामीण संजय महाडिक भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। इसके बाद पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवार को शासन की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली हर संभव सहायता शीघ्र दिलाई जाए। उन्होंने बारिश के मौसम में जर्जर और कच्चे मकानों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की भी अपील की।पुलिस के अनुसार हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान गुलशेर पुत्र मोसम अली (30 वर्ष), उनकी पत्नी गुलशनावर (35 वर्ष), एक वर्षीय पुत्र मोहम्मद अहमद तथा 14 वर्षीय अलकमा के रूप में हुई है। सभी घायल गांव जटवाड़ा, थाना ककरौली के निवासी हैं। समय रहते पुलिस और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group