हरिद्वार। बैरागी कैंप स्थित नीलधारा में वाहन की क्षमता परखने के प्रयास में कुछ युवकों की थार तेज बहाव के बीच नदी में फंस गई। काफी देर तक वाहन बाहर नहीं निकल सका, जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों की मदद से जेसीबी मंगाई गई। लंबे प्रयास के बाद थार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है।जानकारी के अनुसार कुछ युवक अपनी थार लेकर बैरागी कैंप क्षेत्र की नीलधारा तक पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन का इंजन और उसकी क्षमता जांचने के उद्देश्य से चालक ने थार को नदी के पानी में उतार दिया। हालांकि नदी का बहाव अपेक्षा से अधिक तेज होने के कारण कुछ ही दूरी पर वाहन बीच धारा में फंस गया और आगे बढ़ना संभव नहीं हो सका।थार के बीच नदी में फंसते ही उसमें सवार युवकों ने बाहर निकलने के लिए सहायता मांगी। आसपास मौजूद लोगों ने पहले अपने स्तर पर वाहन निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद जेसीबी मशीन बुलाकर बचाव कार्य शुरू कराया गया।काफी देर तक चले प्रयास के बाद जेसीबी की सहायता से थार को धीरे-धीरे नदी से बाहर निकाला गया। वाहन के सुरक्षित बाहर आने के बाद युवकों ने राहत की सांस ली। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ भी जमा हो गई।स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में नदियों का जलस्तर और बहाव तेजी से बदलता है। ऐसे में किसी भी वाहन को नदी या तेज बहाव वाले क्षेत्र में उतारना जोखिम भरा साबित हो सकता है।