मेरठ। ललिता गौतम प्रकरण को लेकर आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। पुलिस की व्यवस्था के बीच वेस्टर्न उत्तर प्रदेश टोल प्लाजा के कंट्रोल रूम में दोनों पक्षों की भेंट कराई गई। इस दौरान चंद्रशेखर ने परिवार का हालचाल जाना और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया।जानकारी के अनुसार चंद्रशेखर आजाद सहारनपुर से मेरठ के लिए रवाना हुए थे। रास्ते में मुजफ्फरनगर के रोहाना टोल प्लाजा पर पुलिस ने उन्हें कुछ समय के लिए रोक लिया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और उनके समर्थकों के बीच संक्षिप्त बातचीत हुई। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उन्हें मेरठ के लिए रवाना कर दिया गया।मेरठ पहुंचने पर पुलिस पीड़ित परिवार को वेस्टर्न उत्तर प्रदेश टोल प्लाजा स्थित कंट्रोल रूम लेकर पहुंची, जहां चंद्रशेखर आजाद ने परिजनों से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और परिवार की बात सुनी। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात रहा।मीडिया से बातचीत में चंद्रशेखर आजाद ने मेरठ में हुई पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि संबंधित अधिकारियों का रवैया लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं था। उन्होंने निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की मांग दोहराई।