मुजफ्फरनगर। श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी है। शनिवार को पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन ने कांवड़ यात्रा मार्ग के साथ सिखेड़ा और जौली गंगनहर पुल का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान गंगनहर में बढ़े जलस्तर को देखते हुए अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि गंगनहर में बढ़े जलस्तर के कारण श्रद्धालुओं को केवल चिन्हित और सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करने दिया जाए। असुरक्षित स्थानों पर किसी को भी जाने की अनुमति न दी जाए।उन्होंने संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग और लगातार निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम समय से पूरे करने पर जोर दिया। यात्रा मार्ग पर यातायात सुचारु रखने और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के भी निर्देश दिए गए।एसपी सिटी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से पूरी सतर्कता, अनुशासन और सौहार्दपूर्ण व्यवहार के साथ जिम्मेदारी निभाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।निरीक्षण के समय क्षेत्राधिकारी नई मंडी राजू कुमार साव, पुलिस उपाधीक्षक नरेंद्र यादव, प्रभारी कांवड़ प्रकोष्ठ रवींद्र यादव सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने यात्रा मार्ग का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की और समय रहते सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।गौरतलब है कि हर वर्ष मुजफ्फरनगर से होकर लाखों कांवड़िये गुजरते हैं। इसे देखते हुए पुलिस और प्रशासन सुरक्षा, यातायात तथा अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार निरीक्षण और तैयारियों में जुटे हुए हैं।