सहारनपुर। कुतुबशेर थाना पुलिस ने चोरी की कई घटनाओं का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर बड़ी मात्रा में चोरी का सामान, नकदी और एक चाकू बरामद किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई कई चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान इसरार पुत्र निसार निवासी इस्लाम नगर, थाना रामपुर मनिहारान के रूप में हुई है। उसे सिंचाई विभाग के खंडहर के पास से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से सात इन्वर्टर, नौ बड़ी बैटरियां, पांच छोटी बैटरियां, एक प्रेस, एक गैस सिलेंडर, एक चाकू तथा 12 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।पूछताछ में आरोपी ने कुतुबशेर, नकुड़ और कोतवाली देहात थाना क्षेत्रों में अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की कई वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने बताया कि चोरी के बाद सामान को राह चलते लोगों और अन्य खरीदारों को बेच दिया जाता था तथा उससे मिलने वाली रकम आपस में बांट ली जाती थी।जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले से जिले के विभिन्न थानों में चोरी और अन्य आपराधिक मामलों के आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड का भी सत्यापन कर रही है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, वारदातों में शामिल उसके फरार साथियों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान यदि अन्य घटनाओं में भी आरोपी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।