सहारनपुर पुलिस ने गंगोह क्षेत्र में एक मकान में हुई लाखों रुपये की चोरी का सफल खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से छह लाख 40 हजार रुपये की नकदी, चोरी किया गया मोबाइल फोन, चोरी की रकम से खरीदी गई मोटरसाइकिल, एक अन्य मोबाइल तथा पीड़ित के आधार और पैन कार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार 29 जून 2026 की रात थाना गंगोह क्षेत्र के गांव लखनौती स्थित एक मकान में चोरी की घटना हुई थी। अज्ञात चोर घर में घुसकर करीब नौ लाख 30 हजार रुपये की नकदी और एक मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया था। घटना के बाद पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कस्बा गंगोह के मोहल्ला बाहुदीन निवासी बिलाल पुत्र उस्मान को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई छह लाख 40 हजार रुपये की नकदी, मोबाइल फोन, चोरी के पैसों से खरीदी गई सेकेंड हैंड डिस्कवर मोटरसाइकिल, एक अन्य मोबाइल तथा पीड़ित के दस्तावेज बरामद कर लिए।पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह नशे का आदी है और अपनी लत पूरी करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। उसने स्वीकार किया कि चोरी की रकम से उसने एक मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल खरीदी थी, जबकि शेष नकदी एक खंडहर में छिपाकर रखी थी। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वह रकम भी बरामद कर ली।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ पहले से चोरी, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी प्रकार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group