मुजफ्फरनगर, 14 जुलाई। किसानों की समस्याओं के समाधान और कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से जनपद में 15 जुलाई को किसान दिवस आयोजित किया जाएगा। उप कृषि निदेशक प्रमोद सिरोही ने बताया कि किसान दिवस का आयोजन जिला स्तर के साथ-साथ सभी विकास खंडों पर भी किया जाएगा।उन्होंने बताया कि 15 जुलाई 2026, बुधवार को दोपहर 12 बजे से जिला पंचायत सभाकक्ष में जनपद स्तरीय किसान दिवस आयोजित होगा। इसके अलावा जिले के सभी विकास खंडों में संबंधित खंड विकास अधिकारी कार्यालयों के सभाकक्ष में भी किसान दिवस का आयोजन किया जाएगा।उप कृषि निदेशक ने बताया कि किसान दिवस में किसानों की कृषि संबंधी समस्याओं और शिकायतों को सुनकर उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा। साथ ही कृषि, उद्यान, पशुपालन, गन्ना, सिंचाई तथा कृषि क्षेत्र से जुड़े अन्य विभागों के अधिकारी किसानों को विभागीय योजनाओं, अनुदान, तकनीकी जानकारी और सरकारी सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी देंगे।उन्होंने जनपद के सभी किसानों से किसान दिवस में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है, ताकि वे अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रख सकें और शासन की विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ उठाने के लिए आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकें।