मुजफ्फरनगर। पुरकाजी ब्लॉक के खादर क्षेत्र स्थित आयकी गांव में खेत पर काम कर रहे किसान को जहरीले सांप ने डस लिया। समय पर अस्पताल पहुंचाने के बजाय स्वजन उसे झाड़-फूंक कराने वाले के पास ले गए। करीब तीन घंटे बाद अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने किसान को मृत घोषित कर दिया।आयकी गांव निवासी 46 वर्षीय मुख्तार सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे सांप ने उन्हें डस लिया। घटना के बाद स्वजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक कराने वाले के पास ले गए। वहां करीब तीन घंटे तक झाड़-फूंक चलती रही, लेकिन किसान की हालत में सुधार नहीं हुआ।सुबह करीब 11:30 बजे स्वजन मुख्तार को पुरकाजी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।पीएचसी प्रभारी डॉ. सुमित कुमार ने बताया कि सर्पदंश के मामले में समय पर चिकित्सा सुविधा मिलना बेहद जरूरी है। देरी होने पर जहर तेजी से शरीर में फैल सकता है। समय रहते एंटी-स्नेक वेनम दिया जाए तो मरीज की जान बचने की संभावना रहती है।सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने लोगों से अपील की कि सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक और घरेलू उपचार के चक्कर में समय बर्बाद न करें। पीड़ित को शांत रखते हुए डसे हुए अंग को स्थिर रखें और तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाएं। घाव पर चीरा लगाने, जहर चूसने या अंग को कसकर बांधने जैसे उपाय नहीं करने चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group