बुलंदशहर। जनपद के औरंगाबाद थाना क्षेत्र में फैंटम ड्यूटी पर तैनात वर्ष 2025 बैच के आरक्षी सुधीर ठाकुर ने सरकारी रायफल से स्वयं को गोली मार ली। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक कथित ऑडियो सामने आया, जिसमें आरक्षी ने कुछ पुलिसकर्मियों पर प्रताड़ित करने और बीमारी के बावजूद अवकाश न देने के आरोप लगाए हैं। मामले का संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने संबंधित थाना प्रभारी, मुंशी और एक अन्य आरक्षी को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सुधीर ठाकुर औरंगाबाद थाना क्षेत्र में फैंटम ड्यूटी पर तैनात थे। बताया जाता है कि घटना से पहले उन्होंने एक ऑडियो रिकॉर्ड किया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। ऑडियो में उन्होंने कहा कि वह नौकरी और जीवन दोनों से त्यागपत्र दे रहे हैं। साथ ही थाना प्रभारी राहुल कुमार, मुंशी अंकित गुर्जर और एक अन्य आरक्षी पर मानसिक प्रताड़ना तथा अस्वस्थ होने के बावजूद अवकाश नहीं दिए जाने का आरोप लगाया है। हालांकि इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना से पहले मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने सरकारी रायफल से स्वयं को गोली मार ली। गोली लगने के बाद उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।घटना के बाद मृतक के पिता ने राज्य सरकार से परिवार के एक सदस्य को अनुकंपा के आधार पर सरकारी सेवा में नियुक्ति देने की मांग की है। उनका कहना है कि छोटे बेटे को नौकरी मिलने से परिवार को आर्थिक सहारा मिल सकेगा।एसपी सिटी अभिषेक प्रताप सिंह ने बताया कि थाना औरंगाबाद से संबंधित वायरल ऑडियो और आरक्षी की आत्महत्या की घटना का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने तत्काल संज्ञान लिया है। उनके निर्देश पर थाना प्रभारी राहुल कुमार, मुंशी अंकित गुर्जर और संबंधित एक अन्य आरक्षी को लाइन हाजिर कर दिया गया है। साथ ही पूरे प्रकरण की विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल ऑडियो की प्रामाणिकता, उसमें लगाए गए आरोपों और आत्महत्या के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।