मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना कस्बे में एक महिला के साथ कथित मारपीट, लूट और हत्या के प्रयास के मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने अपने रिश्तेदार पर बीच रास्ते हमला कर गला दबाने तथा सोने की चेन और मोबाइल छीनने का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।उत्तरी काजीवाड़ा निवासी सनामा पत्नी शमीम अहमद ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके परिवार और आरोपी ताजीम पुत्र कफील के बीच एक मामला न्यायालय में विचाराधीन है। इसी विवाद के चलते दोनों पक्षों के बीच पहले से रंजिश चली आ रही है।शिकायत के अनुसार दो जुलाई 2026 को वह अपने सात वर्षीय बेटे के साथ बाजार से खरीदारी कर घर लौट रही थीं। आरोप है कि तालाब वाली गली में पहुंचने पर आरोपी ने पीछे से धक्का देकर उन्हें गिराने का प्रयास किया। विरोध करने पर उसने कथित रूप से उनका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की।पीड़िता का आरोप है कि हमले के दौरान आरोपी ने उनके गले से लगभग 10 ग्राम वजनी सोने की चेन और उनके पास मौजूद आईफोन-15 छीन लिया। शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया।महिला का कहना है कि घटना के तुरंत बाद डायल-112 पर सूचना दी गई थी। पुलिस मौके पर पहुंची और थाने में तहरीर देने की सलाह दी, लेकिन शिकायत देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर न्याय की मांग की।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश के बाद थाना बुढ़ाना पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़िता का दावा है कि पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है और उसकी फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध करा दी गई है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है।