गाजियाबाद। मोदीनगर थाना क्षेत्र के बुदाना गांव में पिता-पुत्र के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि एक युवक ने अपने ही पिता को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल पिता को परिजन निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान हरिओम नेहरा के रूप में हुई है। हत्या का आरोप उनके पुत्र निखिल नेहरा पर लगाया गया है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।प्रारंभिक जांच में पुलिस के सामने यह बात आई है कि आरोपी नशे का आदी बताया जा रहा है और घर में आए दिन विवाद होता रहता था। हालांकि पुलिस केवल इसी बिंदु तक जांच सीमित नहीं रख रही है। अधिकारियों का कहना है कि जमीनी विवाद सहित अन्य संभावित कारणों को भी जांच में शामिल किया गया है, ताकि घटना की वास्तविक वजह सामने आ सके।मोदीनगर के सहायक पुलिस आयुक्त भास्कर वर्मा ने बताया कि पिता-पुत्र के बीच विवाद के दौरान गोली चलने की सूचना मिली थी। घायल हरिओम को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की हैं। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर घटना के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group